स्मार्ट मीटर या महिषासुर…?

सरकारी लूट का डिजिटल अवतार

द्वारा – हरिदास

महिषासुर के बारे में सुना था कि वह देवताओं और मनुष्यों को परेशान करता था। अब स्मार्ट मीटर आ गया है। फर्क इतना है कि महिषासुर से मुक्ति के लिए माँ दुर्गा को आना पड़ा था, और स्मार्ट मीटर से मुक्ति के लिए फिलहाल लोगों को बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद आदमी बिजली का बिल देखकर खुद भी जलने लगा है। बिल चार गुना! मानो घर में पंखा, बल्ब और कूलर नहीं, बिजली का कोई राक्षस बैठा हो, जो रात-दिन यूनिटें निगल रहा हो। और इस राक्षस की खूबी देखिए—इसे भूख लगती है तो जेब पर हमला करता है, और पैसा न मिले तो घर का अँधेरा निगलने के बजाय रोशनी ही निगल जाता है। एक महीने का बिल नहीं भरा, आटोमेटिक मशीन ने बिजली काट दी! न कोई मानवीय संवेदना, न परेशानी समझने की जरूरत। मशीन को क्या मालूम कि घर में बूढ़े माँ-बाप हैं, बच्चे पढ़ते हैं, मजदूर की मजदूरी अटकी है या परिवार पहले से महँगाई के महिषासुर से लड़ रहा है!
व्यवस्था कहती है—मीटर स्मार्ट है।
जनता पूछती है—साहब, मीटर स्मार्ट है तो बिल चार गुना क्यों? और अगर बिल सही है तो हिसाब समझाने में व्यवस्था की बुद्धि कहाँ चली जाती है?
महिषासुर कम-से-कम पौराणिक कथा में था। यह वाला घर-घर में लगा दिया गया है। उसके हाथ में हथियार था, इसके हाथ में डिजिटल तकनीक है। वह युद्ध करके डराता था, यह बिल भेजकर डराता है। वह प्रजा पर अत्याचार करता था, यह गरीब की जेब पर सीधा प्रहार करता दिखाई देता है। लेकिन असली सवाल मीटर का नहीं, उस व्यवस्था का है जो तकनीक को जनता की सुविधा से अधिक वसूली का औजार बना दे।
स्मार्ट मीटर लगाइए, लेकिन बिल भी समझदार बनाइए। तकनीक लाइए, लेकिन इंसानियत को बिजली काटकर बाहर मत कीजिए। क्योंकि जनता को ऐसी स्मार्ट व्यवस्था नहीं चाहिए, जिसमें मीटर चौबीस घंटे जागता रहे और गरीब का घर चौबीस घंटे बिल की चिंता में सो न सके।
जनता अब पूछने लगी है कि महिषासुर का वध तो देवी ने किया था, लेकिन इस नए डिजिटल महिषासुर से हमें कौन बचाएगा?
हैरानी की बात है कि छत्तीसगढ़ बिजली पैदा करने में सरप्लस है, लेकिन अपने ही लोगों को सस्ती बिजली देने में कंगाल! कोयला हमारा, बिजलीघर हमारे, उत्पादन हमारा—मगर बिजली के बिल भरते वक्त जनता की जेब पर ही करंट क्यों लगता है? छत्तीसगढ़ में बिजली पैदा जनता के लिए होती है और महँगी जनता की ही किस्मत में लिखी जाती है!
गांव का किसान हो या शहर का मध्यमवर्गीय परिवार, दिहाड़ी मजदूर हो या छोटा दुकानदार—आज हर कोई स्मार्ट मीटर के नाम पर आ रहे बिजली बिलों से हलाकान है। कहीं बिल कई गुना उछलकर गरीब की कमर तोड़ रहा है, तो कहीं पर्याप्त सूचना दिए बिना बिजली काटकर लोगों को अंधेरे में धकेल दिया जा रहा है। विडंबना देखिए, जिस तकनीक का दावा बिजली व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए किया गया था, वही आम आदमी के लिए मुसीबत का मीटर बनती जा रही है। सवाल यह है कि स्मार्ट मीटर बिजली कंपनियों की कमाई बढ़ाने के लिए हैं या जनता की परेशानी घटाने के लिए? अगर तकनीक इतनी ही स्मार्ट है, तो फिर जनता की जेब पर पड़ने वाली यह मार और बिना चेतावनी गुल होती बिजली किसकी नाकामी है? मीटर स्मार्ट हो गए, व्यवस्था डिजिटल हो गई, लेकिन जनता के प्रति जवाबदेही आज भी अंधेरे में है!
हलाकान लोग गुहार लगा रहे हैं, “हे माँ दुर्गे! इस महिषासुर रूपी सरकारी लूट के डिजिटल अवतार स्मार्ट मीटर से मुक्ति दिलाओ। बिजली का बिल देखकर दिल बैठ जाता है, शिकायत लेकर विभाग जाओ तो चक्कर लगाते-लगाते चप्पल घिस जाती है, और सुनवाई न हो तो अंधेरे में रात बितानी पड़ती है!”
जाहिर है कि बिजली का सरप्लस तभी सार्थक है, जब जनता का बिल कम हो, किसान की लागत घटे, कारोबार को ताकत मिले और घर रोशन रहें। वरना बिजली उत्पादन के आंकड़े भले चमकते रहें, जनता की जिंदगी में उनका उजाला कहाँ है?

  • SUKANT RAJPUT

    जन्म 13 अगस्त 1973 को राजधानी रायपुर में हुआ। मेरी जड़ें उत्तर प्रदेश ग्राम चौरंग, कुंडा जिला प्रतापगढ़ से जुडी हैं। मुझे शिक्षक माता-पिता, विख्यात सर्प विशेषज्ञ डॉ अर्जुन सिंह रंगीला का पौत्र और छत्तीसगढ़ राजिम-धमतरी क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर राम पाल सिंह बिसेन का नाती होने का गौरव प्राप्त है। स्कूल से लेकर कॉलेज MA(PUB.ADD.) BJMC तक की शिक्षा रायपुर में ही ग्रहण किया। एनसीसी एयर विंग से 'ए' 'बी' और 'सी' सर्टिफिकेट तीन नेशनल कैंप का तत्कालीन मध्य प्रदेश में रायपुर, भोपाल और इंदौर का नेतृत्व किया। रायपुर थ्री एमपी (अब सीजी) एयर स्क्वॉर्डर्न से सर्वाधिक ग्लाइडिंग फ़्लाइंग की शॉर्टिज करके 1995 में ग्लाइडर पायलट यतेंद्र सिंह राणा सर की कमान में सोलो फ़्लाइंग किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में मातृ संसथान दैनिक हरिभूमि में वर्ष 2000 में डेस्क में विज्ञप्ति बनाने से शुरुआत हुई। लगभग 15 साल हरिभूमि, फिर इलेक्ट्रॉनिक न्यूज चैनल स्टैंडर्ड वर्ल्ड 'वाच' चैनल, पत्रिका, दबंग दुनिया, समवेत शिखर, अमनपथ और जनता से रिश्ता मिड डे अख़बार में भी विभिन्न पदों पर कार्यरत था। वर्तमान में शहर सत्ता साप्ताहिक अख़बार में बतौर प्रधान संपादक हूं।

    Related Posts

    खुरचन- अर्थशास्त्र का नया सिद्धांत : माल में दम न हो, तो दाम बढ़ा दो!

    -हरिदास छत्तीसगढ़ में नकली पनीर (एनालॉग) पर प्रतिबंध है, लेकिन बाजार में उसका खेल बंद नहीं हुआ। कानून अपनी फाइलों में रास्ता तलाशता रहता है और मिलावटखोर मुनाफे का हाईवे…

    Continue reading
    खुरचन- मैं हूँ रावण… जलेगा पर मरेगा नहीं साला..!

    द्वारा -हरिदास हर साल विजयदशमी आती है। रामलीला होती है। राम तीर चलाते हैं। रावण धू-धूकर जलता है। पटाखे फूटते हैं। तालियां बजती हैं। लोग खुश होते हैं कि सत्य…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    ताजा खबरें

    Raipur Crime News : 8 मिनट में 173 आईफोन चुराए, पुलिस ने भी 265km पीछा कर धरदबोचा

    Raipur Crime News : 8 मिनट में 173 आईफोन चुराए, पुलिस ने भी 265km पीछा कर धरदबोचा

    Raipur Police Commissionerate : बीरगांव चुनाव से पहले पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन की कार्रवाई

    Raipur Police Commissionerate : बीरगांव चुनाव से पहले पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन की कार्रवाई

    Minister Lakshmi Rajwade visit to Gujarat : दोनों राज्यों के बीच महिला सशक्तिकरण एवं डेयरी विकास पर सार्थक चर्चा

    Minister Lakshmi Rajwade visit to Gujarat : दोनों राज्यों के बीच महिला सशक्तिकरण एवं डेयरी विकास पर सार्थक चर्चा

    Former CM Bhupesh Baghel said : पेंड्रावन जलाशय में खनन की अनुमति पर ध्यानाकर्षण लाएगी कांग्रेस

    Former CM Bhupesh Baghel said : पेंड्रावन जलाशय में खनन की अनुमति पर ध्यानाकर्षण लाएगी कांग्रेस

    Shaharsatta (23 Nov to 29 Nov 2026)

    Shaharsatta (23 Nov to 29 Nov 2026)

    Public Works Department : केबिन से निकले PWD सचिव बंसल 2 दिनों में 4 जिलों के निर्माण कार्य की रफ़्तार देखे

    Public Works Department : केबिन से निकले PWD सचिव बंसल 2 दिनों में 4 जिलों के निर्माण कार्य की रफ़्तार देखे