पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा- 40 से ज्यादा गांवों में जल संकट का खतरा, 4 मई 2025 को डेम सेफ्टी बोर्ड की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट का भी हवाला दिया
शहर सत्ता/रायपुर। (Former CM Bhupesh Baghel said)पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छत्तीसगढ़ के 117 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट एरिया में चूना पत्थर खनन की अनुमति को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि खनन से 40 से ज्यादा गांवों में जल संकट का खतरा पैदा हो सकता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों, डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों और स्थानीय किसानों के विरोध के बावजूद साय सरकार ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की 1722 एकड़ की खनन परियोजना को एनओसी जारी कर दी।

कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके जरिए जलाशय पर खनन के संभावित असर और अनुमति जारी करने की प्रक्रिया पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। भूपेश बघेल ने 4 मई 2025 को डेम सेफ्टी बोर्ड की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट का भी हवाला दिया। उनके मुताबिक, रिपोर्ट में आईआईटी रुड़की से कराए गए अध्ययन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। भूपेश के अनुसार, बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा था कि खनन के लिए कोई भी उपाय अपनाया जाए, इससे पेंड्रावन जलाशय के अस्तित्व पर खतरा बना रहेगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुई एनओसी पर सवाल
भूपेश बघेल ने कहा कि 25 अप्रैल 2024 को हाईकोर्ट ने शासन को एनओसी पर दोबारा विचार करने की स्थिति में उच्च स्तरीय तकनीकी समिति गठित कर खनन के प्रभावों की समीक्षा कराने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने सरकार को दोबारा एनओसी जारी करने के लिए बाध्य नहीं किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोर्ट ने एनओसी जारी करने का निर्देश नहीं दिया था, तो विभाग ने किस आधार पर इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई? उनके मुताबिक, जल संसाधन विभाग ने 23 जुलाई 2025 को अन्वेषण कार्य और 10 अगस्त 2026 को खनन की अनुमति जारी की।





