अंबिकापुर सबसे ठंडा, रायपुर में भी बढ़ी ठंड, अगले 2 दिनों में 2°C तक गिरेगा पारा
शहर सत्ता/रायपुर। (State temperature on Diwali day)दीवाली की रात से ही सर्दी का एहसास होने लगा है। अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा तो वहीँ रायपुर में भी ठंड बढ़ी है। छत्तीसगढ़ में रात का तापमान भी गिरने लगा है। बताते हैं कि अगले 2 दिनों में 2°C तक पारा गिरेगा। छत्तीसगढ़ में मौसम ड्राई बना हुआ है। वहीं रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव होने का अनुमान नहीं है। प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है।

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में आसमान साफ रहेगा। 9 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर-पूर्व बिहार तक बनी द्रोणिका
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर दक्षिण छत्तीसगढ़ से झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर तक सिस्टम बना हुआ है। हालांकि, इसका प्रदेश के मौसम पर कोई बड़ा असर दिखाई नहीं दे रहा है। अगले दिन भी प्रदेश में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है।






