रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नॉर्थ जोन और ACCU के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए प्रशस्ति पत्र
शहर सत्ता/रायपुर। (Police Commissionerate Raipur)रायपुर में हत्या, अपहरण और चोरी के मामलों को सुलझाने के साथ साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम वापस दिलाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आज नॉर्थ जोन और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीमों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए।

सम्मानित होने वाली टीमों में खमतराई और गुढ़ियारी थाने की पुलिस शामिल रही। इन टीमों ने हत्या के मामलों में डीएनए जांच से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, अपहृत लोगों को दूसरे राज्यों से सकुशल बरामद किया और चोरी का सामान भी जब्त किया। खमतराई पुलिस ने डीएनए जांच और दूसरे सबूतों की मदद से हत्या के एक मामले को सुलझाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, प्रतीक राय के अपहरण के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त डीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के काम की सराहना करते हुए गंभीर अपराधों की जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह काम करने के लिए प्रेरित किया।
आरक्षक केदार सिंह राजपूत को विशेष सम्मान
गुढ़ियारी थाने में पदस्थ आरक्षक केदार सिंह राजपूत को MRM पोर्टल के जरिए साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने रायपुर कमिश्नरेट में इस माध्यम से सबसे ज्यादा पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाने में योगदान दिया। इसके अलावा पंडरी थाने की टीम को चोरी के मामले का खुलासा करने के लिए सम्मानित किया गया।






