तूफान का आज ज्यादा असर, रायपुर में बादल छाए, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 27 अक्टूबर से ही प्रदेश में चक्रवात का असर
शहर सत्ता/रायपुर। (Arnab’s Impact In Chhattisgarh)चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। तेज हवाएं चल रही है। गरियाबंद में भी देर रात से लगातार बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कई जगह भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। एहतियात के तौर पर बस्तर के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रायपुर, गरियाबंद, रायगढ़ और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी कल स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। किसानों को पक चुकी धान, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई अगले 2 से 4 दिन तक टालने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने कटाई कर ली है, उन्हें फसल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने को कहा गया है।

रायपुर में बादल छाए, रात से ठंडी हवाएं चल रहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से ही प्रदेश में चक्रवात का असर देखने को मिला रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को बादल छाए रहे, जिसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। वहीं रात को भी ठंडी हवाएं चलती रही। बता दें कि, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से टकराया। लैंडफॉल की प्रोसेस करीब तीन घंटे तक चली। लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड गति 125-135kmph रही।






