CJP प्रदर्शन से पहले दीपके फ्लाइट से ही हिरासत में, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने आए थे
शहर सत्ता/न्यूज़ डेस्क। (CJP protest at Jantar Mantar, Delhi)कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर बुलाए गए पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम में घर से ही हिरासत में लिया गया। इसके अलावा 600 अन्य समर्थकों को भी राजधानी के अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया।
इससे पहले अलग-अलग इलाकों से सीजेपी समर्थक जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस इन्हें हिरासत में ले रही है। वाहनों को रोकने के लिए सड़कों पर कीलें लगाई गई हैं। सुरक्षा इंतजामों के तहत 45 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं, साथ ही नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली 250 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें आज रद्द की गई हैं। वहीं, इंडिया गेट के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।

चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
चुनाव आयोग के मुख्यालय और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अशोक रोड पर बस खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया है। यहां बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
दिल्ली में शराब दुकानें बंद, नमो भारत के 2 स्टेशन बंद
दिल्ली के आबकारी विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को रिटेल शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसमें भारतीय, विदेशी और देशी शराब बेचने वाली निर्धारित दुकानें शामिल हैं। मॉल में स्थित कुछ शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी। हालांकि, लाइसेंस प्राप्त रेस्टोरेंट, बार और क्लब में पहले की तरह शराब परोसी जा सकेगी। दिल्ली के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।






