महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की, छत्तीसगढ़ बनेगा देश का टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन:कहा- चित्रकोट से बस्तर दशहरा तक को मिलेगी नई पहचान, युवाओं को मिलेगा रोजगार
शहर सत्ता/रायपुर। (Chhattisgarh State Festival)केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को लेकर कहा जाता था कि यहां की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। आने वाले 10 साल में प्रदेश की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। नक्सलवाद का असर कम होने और शांति-सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से अब प्रदेश में पर्यटन के विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा, खासकर बस्तर के चित्रकोट, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी मंदिर और बस्तर दशहरा जैसे स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच नई पहचान मिलेगी। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे, जिससे गांवों और जनजातीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन और राज्य अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस दौरान अमित शाह ने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली हस्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को लेकर कहा जाता था कि यहां की धरती अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। आने वाले 10 साल में प्रदेश की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।
अटल जी ने बनाया छत्तीसगढ़, मोदी ने विकास को नई दिशा दी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनकी दूरदर्शी सोच का नतीजा था। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का काम किया है। राज्य में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं और आने वाले समय में प्रदेश के लोगों को इसका फायदा मिलेगा।






