त्यौहारों के मद्देनजर रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा ने जाम से निपटने ट्रैफिक वार्डन तैनाती, चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं को रोकने गश्त और चेकिंग बढ़ाने के दिए निर्देश
शहर सत्ता/रायपुर। (Inspector General of Police Raipur Range)त्योहारों के दौरान रायपुर के बाजारों में लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स की मदद लेगी। इसके लिए ट्रैफिक वार्डन तैनात करने की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त और चेकिंग बढ़ाई जाएगी, ताकि चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा और समन्वय बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, CSP/DSP और रक्षित निरीक्षक शामिल हुए।

ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापारियों की मदद
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात सुचारु रखने के लिए व्यापारिक संगठनों के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सड़कों और प्रमुख चौराहों पर लगे CCTV कैमरों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। पुलिस को बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग करने और प्रभावी चेकिंग के जरिए चोरी, उठाईगिरी और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।

थानों के कामकाज की भी होगी समीक्षा
बैठक में IG ने थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करने और वरिष्ठ अधिकारियों को थानों के कामकाज की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। CSP और DSP स्तर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर अपराधों की जांच और कानून-व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया। लंबित अपराधों की समयबद्ध जांच, तय समयसीमा में चालान पेश करने और पुराने मामलों के निराकरण पर भी जोर दिया गया। समन और वारंट की तामिली के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग तथा न्यायालयों से बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।

साइबर ठगी और जमीन विवादों पर भी फोकस
IG ने साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करने और जमीन विवादों में समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण जांच और आरोपियों की जमानत का प्रभावी विरोध करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से संवेदनशील व्यवहार करने, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रखने और नागरिकों को समय पर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।






