नाइट्राजेपम टैबलेट की कीमत तकरीबन 8.40 लाख रुपए बताई जा रही, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है
शहर सत्ता/रायपुर। (Anti-Narcotics Task Force)महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास नशे की 2100 नाइट्राजेपम टैबलेट के साथ आरोपी युवक गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे डंगनिया इलाके की शांति विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेरा। बैग की तलाशी में नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ डीडीनगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) में केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल बताई गई कीमत 7.19 करोड़ रुपए से अधिक है।
सप्लाई करने वालों की तलाश जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गोलियों के स्रोत, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलियां किससे खरीदी गई थीं और आगे किन लोगों तक पहुंचाई जानी थीं। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।






