पुलिस को चकमा देकर भागे संदिग्ध मुशर्रफ खान को तीन घंटे के भीतर पकड़कर पुनः अभिरक्षा में लिया गया
शहर सत्ता/रायपुर। (The Maudhapara Police Station)मंगलवार की शाम प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर ग्राहक तलाशने की सूचना पर थाना मौदहापारा एवं एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास मुशर्रफ खान पिता मुख्तार खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी मौदहापारा को पकड़ा था। मौके पर पूछताछ एवं आगे की कार्यवाही के दौरान संदिग्ध मुशर्रफ खान पुलिस को चकमा देकर अंधेरे एवं तंग गलियों का फायदा उठाकर भाग गया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना मौदहापारा की टीम ने घेराबंदी कर भागने के तीन घंटे के भीतर उसे पुनः पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया है। वर्तमान में उससे पूछताछ एवं नियमानुसार तलाशी की कार्यवाही की जा रही है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
साक्ष्य जुटाने के दौरान हुआ था फरार
जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मुशर्रफ को पकड़ा था। उसके पास से 3 ग्राम नशीला पदार्थ मिला था। इसके बाद उसे मौदहापारा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौदहापारा पुलिस आरोपी को घटनास्थल की तस्दीक और वीडियोग्राफी के लिए लेकर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी प्रक्रिया में व्यस्त थे और आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया।






