मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर दे रहे रोजगार, यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन, ₹152.74 करोड़ के निवेश से स्थापित होगी इकाई, हजारों परिवारों को मिलेगा आजीविका का मजबूत आधार
शहर सत्ता/रायपुर। (Promoting labor-intensive industries)नवा रायपुर में प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित होगी। 152.74 करोड़ रुपए के निवेश वाली इस इकाई में 3500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। यहां बड़े ब्रांड्स के पंखे और किचन अप्लायंसेस बनाए जाएंगे। इस परियोजना से छत्तीसगढ़ में विनिर्माण के नए क्षेत्र में निवेश के साथ स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों के लिए भी अवसर खुलेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया।

सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास का लाभ प्रदेश के युवाओं तक रोजगार और आर्थिक अवसरों के रूप में पहुंचे, यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में छोटे-बड़े तीन हजार से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।

आगामी औद्योगिक परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इस अवसर पर सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, यश ग्रुप के चेयरमैन रितेश नरेडी, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि, कंपनी प्रबंधन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।







