कुछ ही देर में CM विष्णुदेव साय सिंगापुर की बड़ी कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रमुखों के साथ CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे, छत्तीसगढ़ में 43 हजार करोड़ का निवेश प्रस्ताव, AI, डेटा सेंटर, साफ ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग जैसे नए क्षेत्रों में विदेशी निवेश के खुलेंगे द्वार
शहर सत्ता/रायपुर। (Investment Proposals in Chhattisgarh)आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 अक्टूबर को सिंगापुर की बड़ी कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रमुखों के साथ CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और आगे की परियोजनाओं पर बस कुछ ही देर में बातचीत शुरू होगी। सिंगापुर में हुए निवेश प्रस्तावों से छत्तीसगढ़ की कोशिश अब सिर्फ पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं रहने वाली है। AI, डेटा सेंटर, साफ ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग जैसे नए क्षेत्रों में भी राज्य विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सुशासन सरकार की प्रमुख टीम सिंगापुर से छत्तीसगढ़ में 43 हजार करोड़ के निवेश प्रयास के अंतिम चरण में है। AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस पर 41,750 करोड़ का निवेश, सोलर सेक्टर में भी 1,500 करोड़ के प्रस्ताव की तैयारी का जजमेंट डे है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर में आयोजित इस फोरम में कंपनी को निवेश का न्योता सौंपा। कंपनी एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में AI के लिए तैयार डेटा सेंटर विकसित करने और उन्हें साफ ऊर्जा से जोड़ने का काम करती है।

शासन की नीतियों, क्षमता और भरोसे का प्रमाण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, यहां की क्षमता और लोगों पर कंपनियों के भरोसे को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर बनेंगे और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों की समस्याओं को समझकर नियमों और व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक अब तक 450 से ज्यादा सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि सुधारों, नई औद्योगिक नीति और सरकार की सक्रिय पहल के चलते पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
AI डेटा सेंटर पार्क की दिशा में मील का पत्थर
सिंगापुर की कंपनी एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस बनाएगी। सिंगापुर के अलावा भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में भी कंपनी की मौजूदगी है। छत्तीसगढ़ पहले से देश के पहले AI डेटा सेंटर पार्क की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे में 41,750 करोड़ रुपए का यह निवेश राज्य को डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में आगे ले जाने वाला बड़ा प्रस्ताव माना जा रहा है। प्रस्तावित डेटा सेंटर कैंपस की क्षमता 100 मेगावाट होगी। इसे AI से जुड़े कामों के लिए पहले से तैयार किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक यहां बड़े स्तर पर AI और डिजिटल सेवाओं के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।

स्थानीय इंजीनियरों को मिलेगा सुनहरा अवसर
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी बिजली, जमीन और सरकार का सहयोग उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस बनाने और स्थानीय इंजीनियरों को इसे संचालित करने के लिए प्रशिक्षित करने की योजना पर काम करेगी।
गंदे पानी के दोबारा इस्तेमाल, फूड प्रोसेसिंग पर चर्चा
फोरम से अलग मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉयट ओवरसीज पीटीई लिमिटेड के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में उद्योगों के लिए गंदे पानी के दोबारा इस्तेमाल की व्यवस्था और छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सिंगापुर सरकार की विदेश मामलों और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गण सियो हुआंग भी फोरम में मौजूद रहीं। इसके अलावा मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।






