कोर्ट से बेटे की दुर्घटना मुआवजा राशि लेकर निकली, पुलिस ने शुरू की जांच
शहर सत्ता/रायपुर। (Raipur Crime News)कबीरधाम जिले से बेटे की दुर्घटना में मौत की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के पर्स से 1.60 लाख रुपए चोरी हो गए। महिला ने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रकम निकाली थी। इसके बाद पति के साथ ई-रिक्शा और ऑटो से सफर किया। भनपुरी चौक पहुंचने पर पर्स देखा तो नकदी गायब थी। महिला की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनके बेटे की दुर्घटना में मौत हुई थी। इसी मामले की मुआवजा राशि लेने के लिए वह 10 सितंबर को पति खेदन तिवारी के साथ रायपुर न्यायालय आई थीं। कोर्ट का काम पूरा होने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.60 लाख रुपए नकद निकाले।






