ट्रम्प बोले- समझौते की जरूरत नहीं, होर्मुज पर हमारा पूरा कंट्रोल, ईरान का जॉर्डन-बहरीन में जवाबी अटैक
शहर सत्ता/न्यूज़ डेस्क। (US-Iran War)अमेरिका और ईरान के बीच जून में हुआ 60 दिन का समझौता खत्म हो गया। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने इस अहम समुद्री रास्ते में बारूदी सुरंगें (सी-माइंस) बिछाने की कोशिश की। ऐसी माइन जहाजों के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं और समुद्री यातायात को रोक सकती हैं। इसके बाद ट्रम्प ने होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर हमले का आदेश दिया। ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान अमेरिकी हमलों का जवाब देता है तो अमेरिका उससे भी ज्यादा कड़ा जवाब देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका का होर्मुज स्ट्रेट पर लगभग पूरा कंट्रोल है और ईरान की अर्थव्यवस्था ढह रही है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमलों की एक लहर पूरी की है। इनमें एयर डिफेंस साइट्स, रडार सिस्टम, समुद्री ठिकाने, माइन बिछाने की क्षमता और कम्युनिकेशन साइट्स शामिल हैं। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा किया है। कुवैत में भी ईरानी ड्रोन हमलों के बीच एयर डिफेंस सक्रिय की गई है, जबकि जॉर्डन ने 13 ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने का दावा किया है।
ईरान का आरोप- अमेरिका ने शादी समारोह पर भी हमला किया
ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिकी हमलों में एक शादी समारोह भी निशाने पर आया। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि सिरिक के कुहस्तक इलाके में एक रिहायशी घर पर हमला हुआ, जहां एक परिवार शादी का जश्न मना रहा था। बघाई के मुताबिक, हमले में 50 से ज्यादा निर्दोष पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे गए या घायल हुए। उन्होंने अमेरिकी हमलों को ‘बर्बर अपराध’ बताया और कहा कि ईरान इनका दृढ़ता से जवाब देगा।








