स्वतंत्रता दिवस में अलर्ट के कारण गुरुवार को रायपुर और नागपुर रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI (राजस्व खुफिया निदेशालय) के साथ मिलकर हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलो सोना जब्त किया
शहर सत्ता/रायपुर। (Gold smuggler)तस्करों से ट्रेन के बी-12 कोच में तलाशी के दौरान 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ बताई जा रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार, तस्करी का सोना बांग्लादेश और म्यांमार से कोलकाता पहुंचता था। इसके बाद इसे सड़क और रेल मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में पहुंचाया जाता है। छत्तीसगढ़ में रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव इस नेटवर्क के प्रमुख केंद्र बन गए थे। यहां से सोना मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक पहुंचाया जाता था।

स्वतंत्रता दिवस में अलर्ट के कारण गुरुवार को रायपुर और नागपुर रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI (राजस्व खुफिया निदेशालय) के साथ मिलकर हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलो सोना जब्त किया है। इस गोल्ड के साथ महाराष्ट्र के सुरेश कुमार और धैर्यशील को भी गिरफ्तार किया गया है। सोने की तस्करी से केंद्र सरकार को सीमा शुल्क और जीएसटी के रूप में मिलने वाले राजस्व का बड़ा नुकसान होता है। तस्करी का सोना बिना बिल और दस्तावेज के कम कीमत पर बेचा जाता है। इससे वैध कारोबार भी प्रभावित होता है।
अंतःवस्त्र, बेल्ट, तकिया में छुपाते थे गोल्ड
तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए लगातार नए तरीके अपनाते थे। कभी सोने को बेल्ट में छिपाया जाता था तो कभी बैग, तकिए, टिफिन, कमरबंद और अंडरगारमेंट में रखकर परिवहन किया जाता था। अधिकांश मामलों में रेल और सड़क मार्ग का इस्तेमाल किया गया।

दुबई का 260 करोड़ का सोना छत्तीसगढ़ में खपाया
गोल्ड तस्करी के मामलें में DRI के अलावा ईडी ने भी छत्तीसगढ़ के कारोबारियों पर कार्रवाई की है। ED की जांच में दुबई का 260 करोड़ का सोना छत्तीसगढ़ में खपाए जाने का इनपुट है। ED के अफसरों ने गोल्ड तस्करी सिंडिकेट में शामिल छत्तीसगढ़ के कारोबारियों कीअब तक 64 करोड़ 14 लाख करोड़ की संपत्तियां जब्त/अटैच की जा चुकी हैं। इस मामलें में ED की जांच अभी भी जारी है।








