खुरचन- अर्थशास्त्र का नया सिद्धांत : माल में दम न हो, तो दाम बढ़ा दो!

-हरिदास

छत्तीसगढ़ में नकली पनीर (एनालॉग) पर प्रतिबंध है, लेकिन बाजार में उसका खेल बंद नहीं हुआ। कानून अपनी फाइलों में रास्ता तलाशता रहता है और मिलावटखोर मुनाफे का हाईवे पकड़कर फर्राटे भरते हैं। गजब का कारोबार है! माल नकली, धंधा असली और मुनाफा एकदम खरा! ग्राहकों को लूटने में भी कोई मिलावट नहीं।
इन कारोबारियों ने अर्थशास्त्र का नया सिद्धांत गढ़ लिया है—माल में दम न हो, तो दाम बढ़ा दो! सस्ता बेचोगे तो ग्राहक शक करेगा, महंगा बेचोगे तो शुद्धता का प्रमाणपत्र खुद ही जारी कर देगा। अब नकली पनीर को असली साबित करने के लिए दूध की जरूरत नहीं, ऊंची कीमत ही काफी है।
वाह रे बाजार! मिलावट भी तुम्हारी, कीमत भी तुम्हारी और ग्राहक की आंखों पर बंधी पट्टी भी तुम्हारी! ग्राहक सोचता है—इतना महंगा है, जरूर असली होगा। उधर मिलावटखोर मन ही मन मुस्कराता है—वाह रे ग्राहक! तूने मेरे नकली माल को महंगा समझकर नहीं, महंगा देखकर असली मान लिया! मिलावटखोरों का अर्थशास्त्र ही निराला है—माल में मिलावट बढ़ाओ, दाम में दम बढ़ाओ; ग्राहक की जेब काटो और शुद्धता का भ्रम बेचकर ईमानदारी का तमगा भी पाओ! पहले मिलावट चीजों में होती थी, अब ग्राहक की समझ में भी मिलावट की जा रही है। पनीर में दूध हो न हो, कीमत में ईमानदारी का पूरा प्रदर्शन है। माल नकली बेचो, दाम असली वसूलो और ग्राहक को उसकी ही जेब कटने पर गुणवत्ता का भ्रम पालने दो! मिलावटखोर भी खुश और ग्राहक भी भ्रम में खुश!” माल नकली, दाम असली और ग्राहक की जेब साफ।
अब सिर्फ पनीर ही नहीं, दूध से बनी हर सफेद चीज संदेह के दायरे में है, खुद दूध भी! नकली पनीर तो जगजाहिर है, कभी दूध में मिलावट की खबर आती है, कभी मावे की खेप पकड़ी जाती है, मिठाई, मक्खन और क्रीम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठते हैं। पनीर सफेद है, इसका अर्थ यह नहीं कि वह शुद्ध है। दूध सफेद है, इसका अर्थ यह नहीं कि वह मानकों पर खरा उतरता है। मिठाई चमकदार है, इसका अर्थ यह नहीं कि उसकी गुणवत्ता भी चमकदार है और दुकान के बाहर बड़े अक्षरों में ‘शुद्ध’ लिख देने से कोई चीज शुद्ध नहीं हो जाती !
शुद्धता का प्रमाण विज्ञापन नहीं, जांच और जवाबदेही है। भरोसा दुकानदार की मुस्कान से नहीं, उसके कारोबार की पारदर्शिता से बनता है। मिलावटखोर सिर्फ दूध में कोई पदार्थ नहीं मिलाता। वह उस मां के भरोसे में मिलावट करता है, जो बच्चे के लिए पौष्टिक भोजन खरीदती है। वह उस परिवार की खुशी में मिलावट करता है, जो त्योहार पर मिठाई लाता है। वह उस व्यवस्था की साख में मिलावट करता है, जिससे नागरिक सुरक्षा की उम्मीद करता है। इसलिए मिलावट केवल व्यापार का अपराध नहीं, जनता के विश्वास पर हमला भी है।
छत्तीसगढ़ को ऐसी व्यवस्था चाहिए, जहां प्रतिबंधित या नियमविरुद्ध उत्पादों का कारोबार करना आसान न हो। जहां नकली उत्पादों को असली बताकर बेचना महंगा पड़े। जहां बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई हो। जहां जांच रिपोर्ट और कार्रवाई के परिणाम जनता के सामने आएं। जहां उपभोक्ता की शिकायत को औपचारिकता मानकर फाइल में बंद न कर दिया जाए। क्योंकि सवाल सिर्फ पनीर का नहीं है। सवाल उस भरोसे का है, जिसके आधार पर आम आदमी अपनी मेहनत की कमाई से भोजन खरीदता है।
खाद्य विभाग के सामने संसाधनों, कर्मचारियों, जांच सुविधाओं और कानूनी प्रक्रियाओं की चुनौतियां हो सकती हैं। नमूने लेने से लेकर प्रयोगशाला की रिपोर्ट और न्यायिक कार्रवाई तक समय लगता है। यह सब वास्तविक कठिनाइयां हैं। लेकिन मिलावटखोरों की ओर से जनता को कोई रियायत नहीं मिलती। वे यह कहकर कारोबार नहीं रोकते कि जांच प्रयोगशाला में लंबित है। वे यह सोचकर नकली माल बनाना बंद नहीं करते कि विभाग के कर्मचारी छुट्टी पर हैं। उनका कारोबार चलता रहता है। जनता की थाली सजती रहती है। और हर बार उपभोक्ता ही जोखिम उठाता है।
व्यवस्था को यह तय करना होगा कि उसकी प्राथमिकता क्या है—कार्रवाई की सूचना जारी करना या मिलावट की आपूर्ति रोकना ? छापे की संख्या गिनना या दोषियों को सजा दिलाना ? नमूने लेना या बाजार को सुरक्षित बनाना ?
छापे की तस्वीर अखबार में छप जाती है। जब्त माल का आंकड़ा सुर्खी बन जाता है। मगर जनता को यह जानने में भी दिलचस्पी है कि उस मामले का अंतिम परिणाम क्या निकला। कितने मामलों में दोष साबित हुआ? कितनों को दंड मिला? कितने कारोबारियों ने दोबारा वही अपराध किया? कितनी आपूर्ति शृंखलाओं को तोड़ा गया? कार्रवाई का असली पैमाना छापे के दिन की सुर्खी नहीं, उसके बाद बाजार में आया बदलाव है।
वरन छापे पड़ते रहेंगे, माल पकड़ा जाता रहेगा, कार्रवाई होती रहेगी और खबरें छपती रहेंगी। जनता हर बार यही सोचेगी कि अब मिलावटखोरों का खेल खत्म! मगर कुछ दिन गुजरते ही दुकान फिर सज जाएगी, धंधा फिर चल पड़ेगा और मिलावट एक बार फिर बाजार में फर्राटा भरने लगेगी। यह चक्र यूं ही चलता रहेगा… जब तक कार्रवाई का डर मिलावटखोरों के मुनाफे पर भारी नहीं पड़ता..!

  • SUKANT RAJPUT

    जन्म 13 अगस्त 1973 को राजधानी रायपुर में हुआ। मेरी जड़ें उत्तर प्रदेश ग्राम चौरंग, कुंडा जिला प्रतापगढ़ से जुडी हैं। मुझे शिक्षक माता-पिता, विख्यात सर्प विशेषज्ञ डॉ अर्जुन सिंह रंगीला का पौत्र और छत्तीसगढ़ राजिम-धमतरी क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर राम पाल सिंह बिसेन का नाती होने का गौरव प्राप्त है। स्कूल से लेकर कॉलेज MA(PUB.ADD.) BJMC तक की शिक्षा रायपुर में ही ग्रहण किया। एनसीसी एयर विंग से 'ए' 'बी' और 'सी' सर्टिफिकेट तीन नेशनल कैंप का तत्कालीन मध्य प्रदेश में रायपुर, भोपाल और इंदौर का नेतृत्व किया। रायपुर थ्री एमपी (अब सीजी) एयर स्क्वॉर्डर्न से सर्वाधिक ग्लाइडिंग फ़्लाइंग की शॉर्टिज करके 1995 में ग्लाइडर पायलट यतेंद्र सिंह राणा सर की कमान में सोलो फ़्लाइंग किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में मातृ संसथान दैनिक हरिभूमि में वर्ष 2000 में डेस्क में विज्ञप्ति बनाने से शुरुआत हुई। लगभग 15 साल हरिभूमि, फिर इलेक्ट्रॉनिक न्यूज चैनल स्टैंडर्ड वर्ल्ड 'वाच' चैनल, पत्रिका, दबंग दुनिया, समवेत शिखर, अमनपथ और जनता से रिश्ता मिड डे अख़बार में भी विभिन्न पदों पर कार्यरत था। वर्तमान में शहर सत्ता साप्ताहिक अख़बार में बतौर प्रधान संपादक हूं।

    Related Posts

    खुरचन- मैं हूँ रावण… जलेगा पर मरेगा नहीं साला..!

    द्वारा -हरिदास हर साल विजयदशमी आती है। रामलीला होती है। राम तीर चलाते हैं। रावण धू-धूकर जलता है। पटाखे फूटते हैं। तालियां बजती हैं। लोग खुश होते हैं कि सत्य…

    Continue reading
    स्मार्ट मीटर या महिषासुर…?

    सरकारी लूट का डिजिटल अवतार द्वारा – हरिदास महिषासुर के बारे में सुना था कि वह देवताओं और मनुष्यों को परेशान करता था। अब स्मार्ट मीटर आ गया है। फर्क…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    ताजा खबरें

    Darbha Development Block of Bastar : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

    Darbha Development Block of Bastar : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

    खुरचन- अर्थशास्त्र का नया सिद्धांत : माल में दम न हो, तो दाम बढ़ा दो!

    खुरचन- अर्थशास्त्र का नया सिद्धांत : माल में दम न हो, तो दाम बढ़ा दो!

    Shaharsatta (26 Oct to 01 Nov 2026)

    Shaharsatta (26 Oct to 01 Nov 2026)

    Raipur Police Commissioner : ट्रैफिक के साथ क्राइम रोकने वाले यातायात पुलिस के 13 सम्मानित

    Raipur Police Commissioner : ट्रैफिक के साथ क्राइम रोकने वाले यातायात पुलिस के 13 सम्मानित

    Paddy Procurement In Chhattisgarh : 15 नवंबर से 31 जनवरी तक धान खरीदी, ₹3100 प्रति क्विंटल रेट

    Paddy Procurement In Chhattisgarh : 15 नवंबर से 31 जनवरी तक धान खरीदी, ₹3100 प्रति क्विंटल रेट

    Big Breaking News : तिब्बत में 7 तीव्रता का ज़लज़ला, 16 मौतें, 32 घायल

    Big Breaking News : तिब्बत में 7 तीव्रता का ज़लज़ला, 16 मौतें, 32 घायल