रायपुर पुलिस कमिश्नरेट DCP नार्थ जोन को मिली कामयाबी, रायपुर में 2 जगह चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, एकेडमी से 4.97 लाख कैश, शिक्षिका के क्वार्टर से 16.50 लाख के जेवर चुराए थे
शहर सत्ता/रायपुर। (Raipur Police Commissionerate)रायपुर में 31 अगस्त को हुई चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। उरला और खमतराई थाना क्षेत्र में ताला तोड़कर चोरी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में सोने-चांदी समेत करीब 21.47 लाख रुपए का माल बरामद किया है। इस कार्रवाई में CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।
CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस को आरोपियों की पहचान के बारे में जानकारी मिली। जांच में पता चला कि आरोपी ट्रेन से उज्जैन की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने RPF भिलाई और बैतूल पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों को बैतूल में हिरासत में लिया गया। इस मामले में चित्रांश सेन (18) और फिरोज साहू (19) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, चित्रांश के खिलाफ खमतराई थाने में मारपीट और बाइक चोरी के मामले पहले से दर्ज हैं।
टीचर के घर में दिनदहाड़े वारदात को अंजाम
दूसरी चोरी खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारी क्वार्टर में हुई। शिक्षिका यशवंती साहू सुबह करीब 11.40 बजे स्कूल चली गई थीं। उनकी बेटी भी दोपहर 12.05 बजे क्वार्टर में ताला लगाकर बाहर चली गई। इसी दौरान आरोपियों ने बाइक से रेकी की और दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच ताला तोड़कर घर में घुस गए। अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने के बाद आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए। बेटी के करीब 3.25 बजे घर लौटने पर चोरी का पता चला।
109 ग्राम सोना, चांदी और कैश मशरूका जप्त
पुलिस ने इस मामले में दुर्ग निवासी सारिक खान (32) और मो. तौसीफ (29) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपियों के कब्जे से करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी का हार और 10 हजार रुपए नगद बरामद किए गए। सोने की कीमत करीब 16.35 लाख रुपए बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल बाइक और एक्टिवा भी पुलिस ने जब्त की है।
कैमरा लगाने और सत्यापन कराने की अपील
दोनों मामलों का खुलासा करने के बाद पुलिस ने राजधानीवासियों से घर और संस्थानों में CCTV कैमरे लगाने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल 112 या नजदीकी थाने में देने और घर में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की सलाह दी है।






