ब्योरा जुटाने मौके पर जाकर करेंगे क्रॉस चेक, खेत में कौन-सी फसल, डिजिटल रिकॉर्ड बनेगा
शहर सत्ता/रायपुर। (Digital Crop Survey)मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय में डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में फसल बोई गई है, वहां की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जाए। संबंधित खसरों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि जमीन पर फसल लगी है या नहीं। बैठक में प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव रीना बाबा साहब कंगाले, सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव शम्मी आबिदी, संचालक उद्योग प्रभात मलिक, संचालक भू-अभिलेख विनीत नंदनवार, संचालक खाद्य फरिया आलम सिद्दीकी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

खेत में वास्तव में कौन-सी फसल बोई गई है, उसका रकबा कितना है और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी सही है या नहीं, अब इसे क्रॉस चेक किया जाएगा। राज्य सरकार का फोकस सभी खेतों में बोई गई फसल का रिकॉर्ड तैयार करने और उसकी शत-प्रतिशत सर्वे पर है। इसके लिए खेतों में फसल की वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड बनाया जाएगा। साथ ही, सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन किया जाएगा। गड़बड़ियों का पता लगाने और आंकड़ों की विश्वसनीयता जांचने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर अलग-अलग जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए हैं।







