बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और एडीएम उमाशंकर बंदे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे
शहर सत्ता/रायपुर। (Raipur Collector Gaurav Singh said)रायपुर कलेक्टोरेट के रेडक्रॉस भवन में मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम का पालन नहीं करने वाले विभागों पर कार्रवाई की जाएगी। सेवाएं देने में देरी होने पर संबंधित अधिकारी पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ तय समय पर मिलना चाहिए।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर यह अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के जरिए ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जिनका टीकाकरण छूट गया है। इसके बाद उनका टीकाकरण कराया जाएगा। अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और एडीएम उमाशंकर बंदे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सरकारी जर्जर भवनों को गिराने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि जिन सरकारी भवनों का कोई हिस्सा जर्जर हो चुका है, उसे तुरंत गिराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों के कारण कभी भी हादसा हो सकता है। अधिकारियों को ऐसे भवनों की जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पौधों के चारों ओर का कांक्रीट हटाएंगे
रायपुर में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत हर विभाग अपनी टीम बनाएगा। टीम अपने कार्यालय और आसपास लगे पौधों के चारों ओर किए गए कांक्रीट या जाली के घेरे हटाएगी। इससे पौधों को बढ़ने के लिए ज्यादा जगह मिलेगी और वे फिर से अच्छी तरह विकसित हो सकेंगे।

9 माह से 5 साल के बच्चों को मिलेगा IFA सिरप
बैठक में शिशु संरक्षण माह अभियान की जानकारी भी दी गई। सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत जिले में हर मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) सिरप दिया जाएगा। बच्चों को यह सिरप सप्ताह में दो तय दिनों पर पिलाया जाएगा। इसी उम्र के बच्चों को हर 6 महीने में विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी। रायपुर जिले में 2 लाख 51 हजार 432 बच्चों को IFA सिरप और 2 लाख 37 हजार 464 बच्चों को विटामिन-ए देने का लक्ष्य रखा गया है।
टीका नहीं लगा तो तीन चरणों में होगा अभियान
0 से 5 साल तक के ऐसे बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिनका किसी कारण से टीकाकरण छूट गया है या पूरा नहीं हो पाया है। यह अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा।






