पढ़े रायपुर, बढ़े रायपुर: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में 100% रिजल्ट का लक्ष्य

रायपुर (शहर सत्ता)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप रायपुर जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए “मिशन उत्कर्ष” की औपचारिक शुरुआत की है। इस अवसर पर न्यू सर्किट हाउस रायपुर में जिले के सभी स्कूल प्राचार्यों की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें मिशन की कार्ययोजना, रणनीतियां और क्रियान्वयन की रूपरेखा साझा की गई।
विषयवार रणनीति से मिलेगी सफलता : कलेक्टर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि “मिशन उत्कर्ष” केवल परीक्षा की तैयारी भर नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को समग्र मार्गदर्शन और प्रेरणा देने का अभियान है। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि वह पूरे वर्ष की विषयवार शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार करे और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाए।
कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों से आग्रह किया कि स्कूल जाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता सुनिश्चित करें और बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों को भी ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए स्कूलों में पौधारोपण अभियान चलाने का भी आह्वान किया।
रायपुर बने प्रदेश का मॉडल : एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी है और यहां किया गया हर कार्य प्रदेश के लिए मिसाल बनता है। उन्होंने मिशन उत्कर्ष को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि सभी मिलकर रायपुर को प्रदेश के टॉप-3 जिलों में शामिल करें।
उन्होंने स्कूली बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और ट्रैफिक नियमों के प्रति भी सजग करने पर बल दिया।
“मिशन उत्कर्ष” का फोकस
100% उत्तीर्णता सुनिश्चित करना
80%+ अंक पाने वाले छात्रों की संख्या में वृद्धि
राज्य मेरिट सूची में रायपुर जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्थान दिलाना
बोर्ड पैटर्न पर मूल्यांकन: मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाएं
मॉडल उत्तर लेखन, विषय आधारित अभ्यास, और नियमित फीडबैक प्रणाली
कमजोर छात्रों के लिए संदेह समाधान सत्र और विशेष कक्षाएं
श्रेष्ठ शिक्षकों, स्कूलों और टॉपर्स को “लंच विथ कलेक्टर” जैसे विशेष पुरस्कार
सहयोगी विभागों की भागीदारी
पुलिस विभाग ने साइबर क्राइम के खतरों से सतर्क करते हुए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत और वय वंदना कार्ड की जानकारी दी और ऑन स्पॉट कार्ड निर्माण का तरीका समझाया। कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
भविष्य की ओर एक मजबूत कदम
“मिशन उत्कर्ष” सिर्फ परीक्षा परिणाम सुधारने की योजना नहीं, बल्कि रायपुर के स्कूली शिक्षा स्तर को राज्य में आदर्श बनाने की दूरदर्शी पहल है। इस कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एएसपी श्री लखन लाल पटले, अपर कलेक्टर श्रीमती अभिलाषा पैकरा, डीईओ श्री विजय खंडेलवाल, जिला समन्वयक श्री केएस पटले समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और प्राचार्य उपस्थित रहे।





