जशपुर के युवाओं ने हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’, हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं
शहर सत्ता/रायपुर। (Jashpur is forging a new identity)छत्तीसगढ़ का जशपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा। जशपुर के पांच आदिवासी युवा अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था से रॉक क्लाइंबिंग गाइड का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण लेंगे। छत्तीसगढ़ के इन पर्वतारोहियों का दिसंबर में बेंगलुरु में प्रशिक्षण होगा। चार युवाओं को लेवल-1 और एक को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। जशपुर के युवाओं ने हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि जशपुर जिले को साहसिक पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन युवाओं को दिसंबर माह में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 तथा एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

इस पहल की सफलता के साथ जशपुर मध्य भारत का पहला ऐसा पर्यटन स्थल बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की समर्पित टीम उपलब्ध होगी। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।
हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’
जशपुर के इन युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन में अपनी पर्वतारोहण क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इस अभियान के दौरान जशपुर की टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार करते हुए सफलतापूर्वक आरोहण किया।
टीम ने इस नए चढ़ाई मार्ग का नाम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा। अभियान के दौरान युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त हुआ था।
इसी क्रम में वर्ष 2026 में जशपुर के युवा पर्वतारोही तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन प्राप्त हुआ। CLAW भारत के प्रमुख क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल है और अमेरिका की ग्लोबल क्लाइंबिंग इनिशिएटिव से जुड़ा है। इन उपलब्धियों से जशपुर के युवाओं की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है।
वर्ष 2024 में शुरू हुई पहल ने युवाओं को दिलाई राष्ट्रीय पहचान
जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में प्रारंभ की गई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक एवं भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग करते हुए स्थानीय आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें साहसिक खेलों में प्रशिक्षित करना और पर्यटन आधारित आजीविका के अवसर तैयार करना था।
इस पहल को धरातल पर उतारने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना तैयार करने में भी योगदान दिया।
निरंतर प्रशिक्षण, अभ्यास और मार्गदर्शन के माध्यम से इन युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता विकसित की और राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।






