रायपुर में 3 महिलाएं गिरफ्तार, ओडिशा की महिला को बंधक बनाया था, जाति-धर्म बताकर 5-10 लाख में बेचते थे नवजात
शहर सत्ता/रायपुर। (Child Sellers Arrested)राजधानी रायपुर में मजलूम और गरीब परिवारों की महिलाओं के अलावा अवैध संबंधों के चलते गर्भवती हुई महिलाओं के नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप में 3 महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बच्चों की सौदेबाजी करने वाले इस गिरोह के लोग फ्री डिलीवरी और इलाज कराने का झांसा देकर नवजात बच्चों को अपने कब्जे में ले लेती थीं।
महिलाओं ने ओडिशा की एक गर्भवती महिला को फ्री में डिलीवरी और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया। डिलीवरी के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की और महिला को बच्चे समेत बंधक बना लिया। महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में FIR दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के 15 से 20 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की आशंका। जांच में 5-6 लोगों के सिंडिकेट की आशंका जताई जा रही है।

ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ (ओडिशा) निवासी महिला गर्भवती थी। इस दौरान उसका संपर्क रायपुर की कृतिका साहू (34) से हुआ। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया। रायपुर आने के बाद कृतिका ने महिला की मुलाकात गीतिका नाग (36) और अहिल्या नामदेव (40) से कराई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया।
अन्य राज्यों में भी फैला था संपर्क
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था। शुरुआती जांच में नवजात बच्चों को कमीशन लेकर 5 से 10 लाख रुपए तक में बेचने का खुलासा हुआ है। आरोपी बच्चों का सौदा करते समय उनकी जाति और धर्म की जानकारी भी देते थे। खरीदार दंपती बच्चे के असली माता-पिता लगें, इसके लिए उनके नाम से जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर देते थे।





