T-20 सीरीज की तैयारियां पूरी, 10 से बिकेगी टिकट; E-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई
शहर सत्ता/रायपुर। (Women’s T20 Series)छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज के तीनों मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से प्रस्तावित हैं। मैचों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधा के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। टिकट की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होगी। ई-टिकट की स्कैनिंग में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम में ओपन वाई-फाई की सुविधा भी दी जाएगी।

11 अक्टूबर को भारतीय टीम रायपुर पहुंचेगी
सीरीज से पहले भारतीय टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को करीब 4 दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। वहीं, टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
मुख्य सचिव विकासशील ने की तैयारियों की समीक्षा
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

E-टिकट से एंट्री, ओपन वाई-फाई की सुविधा
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।






