गरियाबंद और रायगढ़ में वज्रपात, 15 अक्टूबर के बाद मानसून के लौटने की उम्मीद
शहर सत्ता/रायपुर। (Chhattisgarh Weather News)प्रदेश में 24 घंटे के दौरान सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर सहित कई क्षेत्रों में रातभर गरज-चमक के साथ बादल बरसते रहे। आज शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुक कर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। गाज गिरने से 6 की मौत दर्ज की गई है और मौसम विभाग के मुताबिक 28 जिलों में अलर्ट किया गया है। अगले दो दिनों तक राज्य में बारिश का यह दौर जारी रह सकता है, जिसमें कुछ क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो सबसे अधिक वर्षा पखांजूर में 60 मिमी दर्ज की गई है। वहीं, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया है। वहीँ प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो महिलाएं गरियाबंद में और चार युवकों की मौत रायगढ़ जिले में हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देर।
यहां ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार कोरिया, मुंगेली और बलौदाबाजार जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बालोद, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर, धमतरी, रायगढ़ समेत 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी है।








