0 कम उम्र, परिपक्व अभिनय, मखमली आवाज़ से नई फ़िल्म “मोला लव होगे” और “जिनगी पहा जाहि तोर संग” दर्शकों को रिझाएंगे
(Chhattisgarhi Cinema)पक्की उम्र और पके चेहरों वाले छत्तीसगढ़ सिनेमा जगत (छालीवुड) में एक तरोताजा चाकलेटी हीरो की एंट्री हो चुकी है। “होनहार बीरवान के होत चिकने पात” वाली कहावत ‘आयुष’ जैसे युवा अभिनेता पर फिट बैठती है। कम उम्र, परिपक्व अभिनय, मखमली आवाज़ और कुशाभाऊ पत्रकारिता विश्वविद्यालय जैसी नामचीन संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बीएससी.कर रहे आयुष राजवैद्य छत्तीसगढ़ी फिल्म प्रेमियों को रिझाने बड़े परदे पर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के रंगमंच से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक का सफ़र तय कर रहे आयुष राजवैद्य आज मेहनत, लगन और जुनून के साथ साबित कर रहे हैं कि अगर सपनों को जीने की हिम्मत हो तो सफलता की राह खुद-ब-खुद बनती है। आयुष अपनी नई फ़िल्म “मोला लव होगे” की शूटिंग की तैयारी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत में उन्हें लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

शहर सत्ता/रायपुर। (Chhattisgarhi Cinema)छत्तीसगढ़ के रंगमंच से निकलकर फ़िल्मी दुनिया में कदम रखने वाले युवा कलाकार आयुष राजवैद्य इन दिनों सुर्ख़ियों में हैं। अभिनय की बारीकियाँ उन्होंने सुप्रसिद्ध रंग निर्देशक राजकमल नायक से सीखीं और उनके नाटकों से ही अपने अभिनय की शुरुआत की। नाटकों के अनुभव ने आयुष को वह मज़बूत आधार दिया, जिसने आगे चलकर उन्हें टीवी विज्ञापनों और फ़िल्मों तक पहुँचाया।

आयुष के करियर को नई दिशा तब मिली जब जशपुर में राजकमल नायक के निर्देशन में प्रस्तुत कविताओं के नाट्य मंचन को सोशल मीडिया पर तरुण बघेल और विक्रम सिंह ने देखा। उन्होंने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें नए कलाकार की तलाश कर रहे फ़िल्म निर्देशक क्रांति शर्मा तक पहुँचाया।

रंगमंच के साथ-साथ आयुष ने कई टीवीसी (विज्ञापनों) में काम किया और छत्तीसगढ़ के नामी रंग निर्देशकों के साथ लगातार नाट्य मंचन कर अपने अभिनय को निखारते रहे। वर्तमान में वे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बी.एस.सी. कर रहे हैं, लेकिन पढ़ाई के साथ-साथ उनका ध्यान अपने बड़े लक्ष्य पर है – एक सफल अभिनेता के रूप में पहचान बनाना।

आयुष के अभिनय से प्रभावित हुए क्रांति शर्मा
“जिनगी पहा जाहि तोर संग” में उन्हें हीरो के रूप में साइन कर लिया। खास बात यह है कि इस फ़िल्म में आयुष डबल रोल निभा रहे हैं। फ़िल्म की शूटिंग कोरबा और बालको के खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। फ़िल्म की निर्मात्री क्षमा पाटले हैं।

0 क्रांति शर्मा की आगामी फ़िल्म में आयुष डबल रोल निभाएंगे
0 नई फ़िल्म “मोला लव होगे” की शूटिंग में व्यस्त हैं आयुष
0 रंगभूमि से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक का सफ़र किया तय







