कांग्रेस का आरोप गृहमंत्री का नहीं है नियंत्रण तो पुलिस हो गई निरंकुश और हत्यारी
शहर सत्ता/रायपुर। Death In Police Custody : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बोले राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पुलिस हिरासत में पांच मौतें हो चुकी है। पुलिस कानून व्यवस्था तो संभाल नहीं पा रही, खुद कानून हाथ में लेकर हत्या करने पर उतारू हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री बैज का आरोप है कि गृहमंत्री का पुलिस पर नियंत्रण नहीं है इसलिए छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी और पुलिस थाना स्टाफ पुलिस में निरंकुशता और कातिलाना आदतें बढ़ गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए। पुलिस ने युवक दुर्गेश कठोरिया को राजनांदगांव के भंवरमरा गांव से गिरफ्तार कर धमतरी ले आई थी जहां पर अदालत में प्रस्तुत कर उसे रिमांड पर लिया गया तथा पुलिस अभिरक्षा में उसकी मौत हो गयी।
पुलिस का यह दावा अतार्किक और गलत है कि उसकी मौत तबियत खराब होने के कारण हुई है क्योंकि अदालत में जब उसे प्रस्तुत किया गया होगा तो उसका अस्पताल में मुलाहिज भी कराया गया होगा, उसके बाद ही रिमांड मिली होगी। यह सीधे-सीधे पुलिस प्रताड़ना का मामला है। इस मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही होना चाहिए।
दीपक बैज ने कहा कि पुलिस प्रताड़ना से इसके पहले कवर्धा के लोहारीडीह में प्रशांत साहू, कोरबा में सूरजपुर हथठेल, बलरामपुर में गुरूचरण मंडल की पुलिस की हिरासत में मौत के मामले सामने आये है। पुलिस कानून व्यवस्था तो संभाल नहीं पा रही हिरासत में लेकर निर्दोषों की हत्या कर रही है।







